Image Courtesy : http://www.exoticindiaart.com/product/paintings/lady-dressing-herself-OT56/
धीमे धीमे अईयो रे पुरवा
केस अभी न गूंथे हैं हमने
अईयो जी हौले से चुपके से आना
भीजे से केस न दीजो जी उड़ने
साज सिंगार अभी न किया है
मेहँदी अल्ता अभी न रचा है
उनको जो भाये वो रंग चुनर का
रंग तो दिया पर वो सूख रहा है
पी को अभी न लइयो रे पुरवा
कुछ भी अभी तो किया न है हमने
बीती रैना की कारी कजरिया
नैनो से अभी उतरी नहीं है
लागी है तन पे जो उनकी नजरिया
लाख मैं धोऊँ वो हटती नहीं है
कुछ तो सुझा जा बावरी पुरवा
सुध बुध अपनी गवा दी है हमने
धीमे धीमे अईयो रे पुरवा
केस अभी न गूंथे हैं हमने
~

No comments:
Post a Comment